मरने के कारगर तरीक़े

अनुराधा सिंहअनुराधा सिंह1 Aug 1971

1 min read · 12.4K reads

वापस न आना चाहो तो

एक स्पर्श में छोड़ आना ख़ुद को

एक आँख में दृश्य बनकर ठहर जाना वहीं

जीवित रहने के इतने ही हैं नुस्ख़े

चकमक पत्थर से नहीं

दियासलाई से जलाते हैं अब आग

नष्ट होने का सरलतम उपाय अब भी प्रेम है

वह भी न मार सके

तो एक डाह अँगीठी में

सुलग बुझना

हिंसा से न मारे जाओ

तो धोखा खाकर मर जाना

प्रतीक्षा से मिट जाना असंभव लगे

तो संभावनाओं में नष्ट हो जाना

एक दिन भीड़ में ख़त्म करना ख़ुद को

शोर में खो जाना

जब मरने के परंपरागत तरीक़े नाकाम हो जाएँ

तो ख़ुद को जीने में खपा देना

औरतें गालियों से घट रही हैं यह एक सपना है

आदमी का अपने समय से घट जाना है दुःस्वप्न...।

अनुराधा सिंह
About the poet

अनुराधा सिंह

इस सदी में सामने आईं कवयित्री। स्त्रीवादी विचारों के लिए उल्लेखनीय। मूल नाम : अनुराधा सिंह जन्म : 01/08/1971 | ओबरा, उत्तर प्रदेश मूल रूप से उत्तर प्रदेश की रहवासी अनुराधा सिंह का युवा-कविता और स्त्री-कविता में पिछले कुछ वर्षों में तेज़ उभार हुआ है। उन्होंने म…

View profile & all 26 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like