नहाना-1 - अनूप सेठी

अनूप सेठीअनूप सेठी10 Sept 1958

9 min read · 12.4K reads

आज भी रोज की तरह पहले धोए हाथ
फिर डाला जल पैरों पर
छाती पर गिरीं चंद बूंदें चमकती हुईं
सिर के बालों में फंसी दूब पर ओस की चांदी
सावधानी के बावजूद उछल के जा पड़ीं पीठ पर
सुई की तरह चुभती हुईं
मुंबई के बाथरूम में नहाते हुए भी झुरझुरी सी

झर झर झरने लगा जब जल
रोंए जो खड़े हुए थे स्वागत में पल भर को
बहते पानी में बहने लगे लहराते हुए
घास जैसे जमीन की छाती से चिपकी चली जाती है
पहली बारिश से बनते नदी नालों में
लगता है पानी खड़ा है बहे जा रही है घास ही
किसी अनबूझे उछाह में

एक फुनगी ने सिर उठाया बरसती बूंदों के बीच आंखें झपकते हुए
नर्मदा माई की पद यात्रा पे निकलूं अमृतलाल वेगड़ की तरह
पर भोलेपन में महिमा न गा जाऊं सरदार सरोवर की
विस्थापितों और डूब रहे गांवों की तरफ डग बढ़ाऊं
सुंदरलाल बहुगुणा का तप फले
टिहरी गढ़वाल जैसी जगहों की जल समाधि टले

विंध्यवन में भटकूं
पहाड़ों की सैरगाहों में जा पड़ा रहूं निर्मल वर्मा की तरह
पर उनकी राह पकड़ गुजरात न जाऊं
हर्ष मंदार की आवाज गली गली गुंजाऊं

साबुन मला तो झाग बनने लगा
हल्का रुई सा सफेद दूध सा
बर्फवारी हुई कश्मीर में इस बार बहुत देर बाद
अग्निशेखर भटकते रहते हैं जम्मू और दिल्ली के बीच
कोई ले के चले

सब के सब चल पड़ें
तंबुओं कैंपों से बाहर निकल
पैदल पार कर नेहरू टनल और खूनी नाला
हुजूम उतर आए घाटी में
एक पूरी सर्दियां रहें सब अपनी वादी में
धूप खिले झर झर झरे बरसात

बह गया फेन
रह गया देखे किसी सुंदर सपने का उजाला त्वचा पर
नहलाता हूं देह तिरती जाती है रूह

अब समझ में आया बेटी नहाने से इतना क्यों कतराती है
करने लगो जब स्नान
लग जाता है कैसा ध्यान

शुक्रिया उनको जिन्होंने बाथरूम बनाए और उनमें फुहारे लगाए
उनको और भी ज्यादा शुक्रिया जिन्होंने नलों में पानी छोड़ा भरपूर
खुदा सबके नसीब में लिखे रोज रोज नहाना
देह का खिलना और
रूह का खिलखिलाना.
अनूप सेठी
About the poet

अनूप सेठी

View profile & all 51 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like