जूते बेटी के - अनूप सेठी

अनूप सेठीअनूप सेठी10 Sept 1958

11 min read · 12.4K reads

घर भर में फैले हैं जूते बेटी के
जगह जगह कई जोड़ियां

कई बिछड़े हुए जुड़वां भाई
एक पलंग के नीचे ऊंघता धूल भरा
दूजा कहीं अल्मारी में
फंसा रह गया लक्कड़ पत्थर के नीचे
दिखा ही नहीं सालों साल

कुछ घिसे हुए पहने गए फट फटा कर मुक्त हुए
कुछ मरम्मत कराए जाने तक टिके रहे
स्कूल की वर्दियों के हिस्से

कुछ एक दम नए नकोर पर मुरझाए हुए
पहने ही नहीं गए
बाल हठ ने खरिदवा लिए
लड़की होने की धज ने पहनने नहीं दिए घर आकर
बेचारे स्पोर्ट्स शूज भारी भरकम
विज्ञापनी अदा में अकड़े और ठसक से रहने वाले दिखते हुए
धरे ही रह गए

मां बार बार सहेजने समेटने की कोशिश करती है
सफाई अभियान में कई बार पनिहां भी निकल आती हैं
नन्हीं गुदाज छौनों सी
सूटकेसों में बंद कपड़ों में नर्म नींद लेतीं

निहार कर वापस रख देती है
सफाई के इरादे को स्थगित करते हुए
हर बार पुराने दिनों महीनों और साल दो साल की उम्र के
फ्राकों के साथ सजाते हुए

आषाढ़ का आकाश है गुलमोहर खिले हैं
पीलाई ललाई फैलती जाती है
कमरे की हर शै से होती हुई
रूह के अंतरतम कोनों तक
एक झंकार रौशनी की
हवा खुशबू से सिहराती हुई
रौशन जमाना हो उठे
क्या पता एक और किलकारी गूंजे
किसी भाग भरे दिन गोद में
ये कपड़े ये मौजे ये जूते तर जाएं
एक खिलौना घर में आ जाए

बच्ची बहुत मगन है
मां की चप्पल उसे भी आ गई
जूते न पहन के बेकार करने की डांट अब नहीं पड़ेगी
मिल जुल कर पहन लेंगी मां बेटी
आ गई उम्र अब
सांझे और भी कर लेंगी राज दस हजार दुनिया जहान के
कभी कभी नई उम्र की सैंडल पहन कर
मां भी हो आएगी बाजार

हिम्मत नहीं होती अभी पूरी तरह से सोचने की

छोटी हो गई चीजों को अब विदा कह दो
वक्त बीत गया
उड़ गए आषाढ़ के बादल
गुलमोहर झर-झर झर गया आंसुओं की तरह
सलेटी रौशनी है अटकी हुई खिड़की पर
धीमी धीमी आवाज आ रही है दूसरे कमरे से
तार पर गज घिसने की
वाइलिन है या सारंगी

कोई चला हो जैसे मीलों पैदल
सूखे के दिनों में
बस्ती नहीं
दिखा भी तो पीपल
अपनी गोद में झरे हुए पत्तों के अंबार समोये हुए

कानों में पड़ रही है दूर कहीं कोई मद्धम कूक
सूखी हुई नदी होगी उसके आगे
उसके पार क्या खबर
कोई रोता होगा दीवार से सिर टिका कर या
बस्ती से दूर जाकर

उठ वे मना
अभी बहुत काम बाकी हैं
तरकाल बेला है
दिया तो बाल.
अनूप सेठी
About the poet

अनूप सेठी

View profile & all 51 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like