बेसुध औरत का आदमी

अनूप सेठीअनूप सेठी10 Sept 1958

1 min read · 12.4K reads

डॉक्टर जब राउंड पर आता है

किसी वफ़ादार कारिंदे की तरह हाथ जोड़े

चौथी पाँचवीं सीढ़ी के मातहत अफ़सर की तरह

बड़े अफ़सर की हर हरकत पर निगाह बाँधे

हर आवाज़ पर कान साधे

दहलीज़ के बाहर मुस्तैद कारकून

डॉक्टर के किसी कहे अनकहे आदेश के इंतज़ार में खड़ा

बेसुध औरत का आदमी

डॉक्टर कोई पर्ची देगा

और वह संजीवनी लाने उड़ चलेगा

बेसुध औरत का आदमी बाद में छोटे डॉक्टर या नर्स से भी पूछता है

धीमे सुर में तहज़ीब से

मेहतर से भी दरयाफ़्त कर ही लेता है

कहीं डॉक्टर ने कोई दवा लिखी तो नहीं

जिसे लाने में या मँगवाने में या बताने में कोताही बरती जा रही हो

हड़बड़ाते हुए जाता है वार्ड के बाहर

सोचते हुए कुछ ज़रूरत न पड़ जाए बेसुध औरत को

बिना वक़्त गँवाए खाना खाकर दौड़ा चला आता है

वार्ड में किसी चमत्कार को घटित होते देखने की आशा में

बेसुध औरत का आदमी

रह-रहकर कुछ चिटकने लगता है बेसुध औरत के आदमी के अंदर

वह तपाक से मदद का हाथ बढ़ा देता है पड़ोसी मरीज़ की तरफ़

जब सब सो जाते हैं

वह खिड़की की जाली से आसमान ताकने लगता है

जाली के असंख्य चौकोर छेदों में से किसी एक में से

बाहर निकालना चाहता है वह अपनी नज़र।

अनूप सेठी
About the poet

अनूप सेठी

View profile & all 51 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like