बेसुध औरत

अनूप सेठीअनूप सेठी10 Sept 1958

1 min read · 12.4K reads

बहुत रात गए एक औरत सुबकती है

जनरल वार्ड के एक बिस्तर पर

लगभग बेसुध पड़ी इस औरत को शायद एहसास हो कि रात है

बीमार और जीवन को किसी तरह बचा ले जाने की थकान ओढ़कर लोग सो रहे हैं

औरत के सुबकने का भँवर लहराता हुआ बीमारों के सिर के ऊपर से गुज़रता है

जनता-बाथरूमों वाले कोने से कपड़े पछीटने की आवाज़ आ रही है

बेसुध औरत का आदमी रोज़ रात ढाई बजे उठ कर कपड़े धोता है

सुबकी का भँवर कपड़े धोने की आवाज़ को अपने आग़ाेश में लेते हुए

वार्ड के बिस्तरों के ऊपर छत को छूता हुआ अटका रहता है हल्की हवा की तरह

बेमालूम ढंग से यह हवा बाहर की हवा में घुल जाएगी

बेसुध औरत अपने आदमी की सारी थकान मिटा देना चाहती है

थपकियों से उनींदी लाल आँखों को कोहेनूर हीरे में बदलना चाहती है

उसे कुछ पता नहीं चलता

जब डॉक्टर राउंड लगा कर चला जाता है

नर्स देगी अब दवा

एक स्पर्श की चुभन से फूट पड़ती है रुलाई

फंसे हुए भारी गले की मोटी आवाज़

वार्ड के बिस्तरों के ऊपर छत से टकराती

कई मील का चक्कर लगाती निढाल पड़ती जाती

बेसुध औरत के पिछले दिन धुले कपड़ों की सीलन में जज़्ब होती

कल इन कपड़ों के साथ उसकी अपनी रुलाई भी चिपकेगी

बेसुध औरत के शरीर से

जैसे आज पहने उसके कपड़ों में उसके आदमी की रुलाई की एक परत जमी हुई है।

अनूप सेठी
About the poet

अनूप सेठी

View profile & all 51 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like