बाबू! यह दुनिया ‘जात है - अनूप अशेष

अनूप अशेषअनूप अशेष7 Sept 1945

12 min read · 12.4K reads

बाबू! यह दुनिया
कहीं न कहीं से ‘जात’ है!!

खर है पतवार है
गाँव है गिराँव है,
मल्लाहों की छेदी
पानी में नाव है।

हँसी पहन कर आती
रिश्तों की घात है!!

दिन जिसमें रहते हैं
घर-सा वह नहीं लगे,
रातें हैं सेंधों की
चोरों के हुए सगे,

सेंदुर की डिबिया है
ओठों का पात है!!

नींद में रतौंधी में
चलने का काम है,
अन्धों की ड्योढ़ी में
अक्षर का धाम है।

राजा की पीठ पर
रानी का लात है!!

सोच की दुकान लगा
अनुवादी ताला है।
हर विमर्श का पन्ना
बेचता निवाला है

गांधी लोहिया वाला
पाँत में कुज़ात है!!

प्रगतिशील तुलसी हैं
कबिरा दक्षिणपंथी,
आधुनिक लिबास में
पुजते गुरु ग्रंथी।

मुर्दे की जीत है
जीवन की मात है !!

राम धरे कुर्सी पर
पूँजी की बाढ़ है,
परजा के पानी को
सोखता अषाढ़ है।

धूप के चबैने-सा
भुँजता जलजात है!!

सत्ता में दूध-भात
लोकतंत्र बौना है
माई की भीख में
पल रहा बेटउना है।

अन्न है ग़रीब का
दलाल की कनात है!!

चूल्हे में आग नहीं
आँखों में राख है,
दिल्ली के मुजरे में
बस्तर की साख है।

भीलों के पाँव हैं
मोरों की रात है!!

हाड़, गोड़-तोड़ है
अन्धा हर मोड़ है,
गँवई की छाती में
निकला ‘बरतोड़’ है।

चीरे का ख़ून है
शहर की परात है!!

टूट रहे पुल सारे
तेज़ चली आँधी है,
लोक और लाज की
मौर कहाँ बाँधी है।

खुली-खुली देहें हैं
खोया अहिवात है!!

लोग हुए यानों के
तोपी हुई खानों के
बीच के रहे सूने
बोल कुछ मकानों के।

कंठ में जहर सोखे
घर-घर सुकरात है!!

मछली के दिन टूटे
रेत में नदी है,
गागर-सी प्यासी
ताप में सदी है।

होम-जली उंगली का
पोर-पोर तात है!!

अमरीकी कथा की
पंजीरी देश में
पंडित की पोथी में
वैश्विक संदेश में।

सभासदों के खातों
चढ़ती खैरात है!!

घुटनों धोती वाला
आधा है आदमी।
आधा दिन शोक का
आधे दिन है नमी।

टिड्डों की ‘पौंपुजी’
खेत में बरात है!!

समझो कुछ, समझे क्या
बहुत दंद-फंद है,
एक गली निकली तो
चार गली बंद है।

बूढ़े सठिया रहे
कोई तो बात है!!

कर्ज़ है पटौती का
पीछे से भीख है,
बिना तेल का ‘जीगर’
ककई का ‘लीख’ है।

चूल्हा बिन ‘नटई’ का
थाली में भात है!!

मेरा-तेरा वाला
अन्धा-गठजोड़ है,
चला-चली के आगे
और नया मोड़ है।

बाबू! यह दुनिया है
दुनिया का ‘नात’ है।।
अनूप अशेष
About the poet

अनूप अशेष

View profile & all 25 Poems / Stories

More from अनूप अशेष

  1. हम अपनी ख़बरों के भीतर - अनूप अशेष

    दिल में हो रंजिश अगर तोदूरियां बढ़ जाती हैं,

    12.4K reads
  2. अंधी यात्रा में - अनूप अशेष

    दिल में हो रंजिश अगर तोदूरियां बढ़ जाती हैं,

    12.3K reads
  3. आदिम देहों के अरण्य में घर - अनूप अशेष

    पूरा नाम अनूप सिंह बघेल। म. प्र. के सतना जिले के गाँव सोनौरा में पिता स्व. लाल उदय सिंह के घर ७ अप्रैल १९४५ को जन्म। शिक्षा सतना कालेज से हिंदी में एम. ए। डॉ. राममनोहर लोहिया के विचारों से प्रेरित। उनके विभिन्न आंदोलनों में कई बार लंबी जेल यात्राएँ। अब स्वतंत्र लेखन।गत ४० वर्षों से राष्ट्रीय स्तर की पत्रिकाओं - धर्मयुग, साप्ताहिक हिंदुस्तान, दिनमान, नया प्रतीक, कादंबिनी, रविवार, साक्षात्कार, अक्षरा, गगनांचल, अक्षर पर्व, समकालीन हिंदी साहित्य, अवकाश, सांध्य मित्रा, आकंठ, वागर्थ, नया ज्ञानोदय, परस्पर, अंतराल इत्यादि अन्य पत्रिकाओं में बहुतायत से नव गीतों का प्रकाशन।

    12.4K reads
  4. आवाजों के खो जाने का दुख कितना - अनूप अशेष

    आस-पास की आवाज़ों के खो जाने कादुख कितना।

    12.3K reads
  5. अब भी बाक़ी है - अनूप अशेष

    अब तो यह मत कहोकि तुममें रीढ़ नहीं है

    12.4K reads

More Poetry & Stories You May Like