कबीर को खोज रहे थे
लेकिन तुम 'कबीर' शब्द को केवल उच्चारित करते रहे
और उच्चरित तुमको कभी दिखा ही नहीं
वह तो सदैव उच्चारण के पीछे छिपा रहा
शब्दों, उच्चारणों के पार जाकर कभी देखते
तब, तुमको वह मुख साफ़ दिखता
लेकिन तुम केवल उपद्रव करते रहे
शोर करते रहे
और कुछ लोग भाषा में होकर भी
शब्दों को धूल की तरह झटक कर
आगे बढ़े और मौन रहे
समस्त उत्सवों की भीड़ और
तथाकथित ज्ञान के कोलाहल के मध्य
उनकी दृष्टि उस परमपुरुष को खोजती रही
चितवन से चिंतन,
चिंतन से ज्ञानमय होने की यात्रा
प्रारंभ होती रही और अंतस गा उठा
'कहै कबीर आनंद भयो है, बाजत अनहद ढोल'
यह अनुभूति किस लिपि में लेख्य थी
व्योम ही जाने, लेकिन
जो भी था, वह अकथ, अनादि था








