बुद्ध से संवाद

अनुजीत इक़बालअनुजीत इक़बाल

1 min read · 12.4K reads

मैं आवाहन तुम्हारा करती थी

अर्पित प्रेम चरणों में करती थी

अंजुली में भरकर अपना अस्तित्व

तुम्हारी धारा में विसर्जित करती थी

अपनी तुरही हृदय पर थामे चलती थी

तान से विस्मित शशि को करती थी

मस्ती में अनवरत तुम्हें बुलाकर

ब्रह्मांड को निरंतर पवित्र करती थी

स्याह रातों में साधना करती थी

नक्षत्रों के उत्सव नैनों में भरती थी

सम्यक बोध को पाने ख़ातिर

शून्य चित्त की कंदरा में रहती थी

संबुद्ध दृष्टि आ रही थी

सुधा वृष्टि हो रही थी

वैराग्य से अनुरंजित होकर

सुधि निस्पंदित हो रही थी

क्षुधा चित्त को भा रही थी

स्मृति सुप्ति को घेर रही थी

महास्वप्न में दर्शन करके

अनहद के पार बुला रही थी

बुद्ध स्त्रोतापन्न साधना सिखा रहे थे

सप्त चक्र भेदन करा रहे थे

मुझे निज में व्यवस्थित कराकर

अतिचारों से विलग करा रहे थे

उर में तटस्था प्राप्त करती थी

जयघोष परम का करती थी

महा समाधि की धूनी रमा कर

परम में समाहित ख़ुद को करती थी

अंतस में हिलोर उठती थी

मन मंत्र मुग्ध हो जाता था

क्षण भर पहले मैं सृष्टि में होती

फिर ख़ुद सृष्टि हो जाती थी

अनुजीत इक़बाल
About the poet

अनुजीत इक़बाल

सुपरिचित कवयित्री। अँग्रेज़ी में चार पुस्तकें प्रकाशित। मूल नाम : अनुजीत इक़बाल

View profile & all 20 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like