कभी-कभी घर में आता था आटा
कभी-कभी घर में होता था चीनी
कभी-कभी घर में होता था तेल
कभी-कभी माँ घर में बनाती थी लोक्ठो
बहन ख़ुशी से कंधे उचकती थी
हम भाई के साथ झगड़ जाते थे
माँ चुपचाप लोई बनाती
उसे बेलकर आड़े-तिरछे काटती
हम माँ की अँगुलियों को ताकते
पिताजी हँड़िया का डूबा उठाकर कहते
ऐसे तो हममें से कोई बना नहीं सकता
हम समझते माँ लोक्ठो बनाती है
लेकिन माँ ही जानती थी
उधार के आटा से
उधार की चीनी से
उधार के तेल से
वह घर बना रही है
हम नहीं समझते थे तब
अब हम समझते हैं
माँ हमेशा घर बनाती थी
वह कभी-कभी ही लोक्ठो बनाती थी।
____________________________
लोक्ठो : एक प्रकार की मिठाई।








