स्त्री बोल रही हूँ

अंशू कुमारअंशू कुमार21 May 1990

1 min read · 12.4K reads

मै स्त्री बोल रही हूँ

मत समझना सिर्फ़ रसोई से बोल रही हूँ

समाजशास्त्र की तुम्हारी किताब से बाहर

घरों, दफ़्तरों, चौराहों और मंच से बोल रही हूँ

तुम्हारे धर्मग्रंथों की नायिकाओं से

एक सचेत स्त्री की लड़ाई हो रखी है

जो नायकों के लिए रखे जाने वाले

तीज-त्यौहारों के ख़िलाफ़

अदालतों में साजिश और धोखे का

मुक़दमा कर रही है

इस बार जज भी औरत

वकील भी औरत होगी

भगवान के पुतले की पेशगी भी होगी

आलू-आटे, चीनी-नमक का हिसाब नहीं

भगवान, धर्म, कर्म और परिवारों का हिसाब होगा

तुमने कहा था हम एक ही है

एक का मतलब यहाँ सिर्फ़ तुमसे है

और अगर तुमसे से ही सब कुछ है

तो सब कुछ छोड़कर जा रही हूँ

बेईमानी से तुमने दिए थे जो

रेशमी साड़ी, चूड़ी, सिंदूर और पाज़ेब

लौटाने आई हूँ

ज़िंदगी का हिसाब लेने आई हूँ...!

अंशू कुमार
About the poet

अंशू कुमार

नई पीढ़ी की कवयित्री। पत्र-पत्रिकाओं में रचनाएँ प्रकाशित। मूल नाम : अंशू कुमार जन्म : 21/05/1990 | बेगूसराय, बिहार

View profile & all 20 Poems / Stories