आज मेरी एक प्यारी सखी
एक शहर से दूर दूसरे शहर
बसने चली गई
उसे दिल्ली पसंद था
लेकिन ससुराल वाले
दूसरे शहर में रहते थे
जब तक उसे लगने लगा था
कि दिल्ली शहर ने उसे अपनाया है
उसके पलायन का समय आ गया
और उसे शहर छोड़ जाना पड़ा
विदा करते वक़्त
गले लगाते हुए मैंने पूछा
तो अब कब मिलना होगा?
उसने कहा नहीं पता
मैने फिर साहस किया
और पूछा, फिर भी
उसने फिर से कहा :
नहीं पता सच में
और फिर मुझे देख,
थोड़ा रुकी,
और जाते हुए कहा—
कुछ भी मेरे हाथ में नहीं है
तुम दिल में रहोगी
और वह चली गई...








