राग यमन

अंकिता शाम्भवीअंकिता शाम्भवी

1 min read · 12.4K reads

आसमान और चाँद मिलकर हो गए हैं मद्धम,

एक ज़रा-सा रेशमी कंपन…

और चू पड़ा है चाँद मेरे होंठों पर,

यूँ सरगम गीले हो गए हैं

तुम्हें जाते हुए देखती हूँ,

बहुत दूर चले जा रहे हो,

अभी तो इक नूतन राग बनाना था हमें

सितार पर साथ थिरकनी थीं हमारी उँगलियाँ,

न जाने क्यों, मेरे सुर अब रूठ गए हैं मुझसे…

कहीं स्मृतियों के प्रांगण में,

कोई गा रहा है राग यमन

(नि-रे-ग-रे-नि-रे-सा)

मैं याद नहीं करना चाहती ‘तीव्र म’…

तुम दूर जा रहे हो मुझसे,

इक टीस उठती है कलेजे में,

और,

मैं भूल रही हूँ राग यमन…।

अंकिता शाम्भवी
About the poet

अंकिता शाम्भवी

नई पीढ़ी की कवयित्री। संगीत में रुचि। मूल नाम : अंकिता शाम्भवी जन्म : दुर्गापुर, पश्चिम बंगाल

View profile & all 8 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like