प्रेम में अंधी लड़की - अंजना संधीर

Anjana Sandhirअंजना संधीर1 Sept 1960

7 min read · 12.4K reads

टैगोर की कविता दे कर
उसने चिन्हित किया था शब्दों को
कि वो उस रानी का माली बनना चाहता है
सख़्त लड़की ने पढ़ा
सोचा कि मेरे बाग का माली बनकर
वो मेरे लिए
क्या-क्या करेगा...
खो गई सपनों में लड़की
कविता पढ़ते-पढ़ते
कि ठाकुर ने कितने रंग बिछाए हैं
जीवन में तरंगों के लिए
वो देखने लगी
माली के शब्द कि जब वो चलेगी
तो रास्तों में फ़ूल बिछा देगा ...ये माली
नौकर बन जाऐगा रानी का
रोज रंगीन दुनिया में घुमाऐगा
हो गई प्रेम में अंधी लड़की!

प्रेम में अंधी लड़की ने
आर देखा न पार
तोड़ डालीं सारी दीवारें, भूल गई अपना आपा
मज़बूर कर दिया घर- परिवार को
संगी- सहेलियों को
एकदम, अचानक कर दिया अचंभित
किसी को भी समझ आए
उससे पहले उड़ चली सात समुन्दर पार
बनने रानी
उस माली की
लेकिन भूल गई कि माली के हाथ में
कैंची भी होती है
पर कतरने की।

अब रोज़ माली उसके पर
थोड़े-थोड़े काटता है
घायल होती, अपने मुल्क के , घर के
एक एक चेहरे को
आँसू भरी आँखों से देखती है
प्रेम में अंधी लड़की
डरती रहती है जाने कल कौन सा पर
वो काटे...

रानी का सर्वेंट नहीं
सर्वेंट की रानी परकटी
कोसती है अपने आप को
तड़पती, छटपटाती है
काश!

वो कविता प्रेम भरी
उसने पढ़ी न होती
अंधी न बनी होती, कुछ होता या न होता
पर तो सलामत रहते ।
Anjana Sandhir
About the poet

Anjana Sandhir अंजना संधीर

जन्म :1 सितंबर 1960, रुड़की (उत्‍तराखंड) भाषा : हिंदी विधाएँ : कविता कविता संग्रह : तुम मेरे पापा जैसे नहीं हो, धूप छाँव और आँगन, बारिशों का मौसम सम्मान : गुजरात उर्दू साहित्य अकादमी पुरस्कार, गुजरात हिन्दी साहित्य अकादमी पुरस्कार, तुलसी सम्मान, अदिति साहित्य…

View profile & all 23 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like