स्त्रियों से

अनीता वर्माअनीता वर्मा25 Sept 1959

1 min read · 12.4K reads

जब कुछ ही समय बाद डूब जाएगी यह पूरी सदी

बीज और घास की क़िस्में हमें पुख़्ता कर लेनी हैं

भूली हुई कोमलता की गोद कितनी बड़ी करनी है

इसे देखना है शुरू के दिन से

जब सही थीं न मालूम कितनी यातनाएँ

कई तरह के आँसू बहाए थे

जब उनके नियमों से ख़ास स्त्री थी

अभी शायद साँस लेने का और मुक्त होने का

फ़र्क़ भी नहीं कर पाए हम

अगर यह वही है जो है उनके पास

तब तो वे हैं चिरकाल से मुक्त

पर स्थितियों का बदलना क्या इतने बड़े शब्द को

अर्थवान कर सकता है

रखनी होगी हवाओं के घर में हमें

वह पारदर्शी सुनहरी नदी

जिसके तट पर प्यार खड़ा है

अपने भीतर गुम न होते हुए टीले पर से

पकड़नी होगी बच्चे की छोटी अँगुली

एक समूह जो जीवित है दर्द में

उसका एक हिस्सा बनकर अपनी निविड़ताओं से

निकाल लानी होगी उजली हँसी

नदियों का साफ़ बहता पानी आईने-सी धूप

यह लौटना सचमुच लौटना हो अपने घर

घर जो बहुत बड़ा है

अनीता वर्मा
About the poet

अनीता वर्मा

View profile & all 44 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like