जिस शहर गए

अनिरुद्ध उमटअनिरुद्ध उमट28 Sept 1964

1 min read · 12.4K reads

जिस शहर गए स्टेशन पर मिला

पुराना शहर

हमें मिलने को आतुर

हमारे धोखे

स्वप्न

रातें

घातें

उसकी जेबों में खनखना रही थीं

गले लग उसने कहा

क्या तर्पण करने आए हो

हमने कहा

जो हमारा शहर छोड़ लौटे नहीं

उनकी अस्थियाँ अगर मिल जाएँ

धन्य हो जीवन

उसने कहा अस्थियों से धन्य होता जीवन

कहाँ संभव

तुम ख़ुद को देखो

तुम्हारी भटकन बताती है

प्रत्येक प्रवाह तट पर त्याग जाता है

आख़िर तुम्हें अपनी अस्थियाँ ख़ुद ही लानी पड़ीं

यार्ड में रेल यूँ धोई जा रही थी

जैसे किसी की अंतिम क्रिया में शामिल हो

लौटी हो घर की दहलीज़ पर

अनिरुद्ध उमट
About the poet

अनिरुद्ध उमट

View profile & all 48 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like