झूलता स्वप्न - अनिरुद्ध उमट

अनिरुद्ध उमटअनिरुद्ध उमट28 Sept 1964

3 min read · 12.4K reads

आकाश से उतरा एक झूला
कमरे की छत पर

उसमें एक हरा तोता
एक कव्वा
पुष्प पारिजात के

भीतर से मैंने कहा
‘ये मेरे झूला झूलने की उम्र नहीं’

बाहर से किसी ने कहा
‘मगर प्यास का क्या करें’

मैं लोटा भर शीतल जल
छत पर लाया

उठने लगा तब तक झूला ऊपर
जैसे खींच रहा हो कोई
अभ्यस्त हाथों

मेरे हाथों में लोटा था

दूर तोते और कव्वे की
पुकार से
पारिजात के पुष्प
उड़ते

गिर रहे थे मेरे सिर पर
भीतर कमरे में
झूल रही थी
मकड़ी
मुखौटे पर
अनिरुद्ध उमट
About the poet

अनिरुद्ध उमट

View profile & all 48 Poems / Stories