चाँदनी रात धोरों पर बेसुध कोई छाया
जिस पर बेसुध छाया देखती
लाल ओढ़नी में मुँदी पलकें
होंठ हल्के से खुले
उतरा हो कोई जाप करते
सपने की बावड़ी में
देखने वाला छाया में अपनी
किसी की छाया का
घुलना देखता
किसी की साँसों को पीता
माँड राग में ऊँटनी की चाल-सा
कोई गान
...हाले तो ले हालूँ मरवण देस...
मूमल धोरों पर
उसकी पलकों पर कोई गुलाबी पँखुड़ी
थिर सपने के जल पर
ठुड्डी पर आधा चाँद
फिसलता सीने में
पिघलने लगा
गा कर कोई मूमल हुआ जा रहा
...हाले तो ले हालूँ रिझाळू रे देस...
दूर खेजड़ी पर कमेड़ी की हूक से
रात की कूक ओढ़नी को फड़फड़ाती
छाया ओढ़नी में झाँकती बुदबुदाती
...मूमल... चलें...
बालू रेत पर नागिन पूछती,
कहाँ जाएगी
घुल जाती कंठ में छाया
हरिया जाता सूखा पोखर
छल-छल स्मृति में जल की
जिसमें निहारती मूमल
अदृश्य अँगुली
चेहरे पर बिखरे बाल हटाती
कान के नीचे कुछ लिख देती
मूमल की आँखों में काजलरेख-सा
वह लिखा








