शरद के निरभ्र आकाश तले
फलविहीन अमराई की नीरव
स्तब्धता में शोर था उनका
जिनसे घिरा हुआ था वह अभिमन्यु
दिगंत को नापने की ताक़त थी जिसके
डैनों में चीते-सी चौकन्नी आँखोंवाला
पराजय का ज़रा नहीं आभास गर्वीली
आँखें बरसाती हुई आग, साँस की अंतिम
डोर तक लड़ने का विश्वास यही था
भय का कारण उनके, शोर से जिनके कंपित
थी शांति प्रांतर की
पर वह था अडिग रक्त के
बह जाने से क्लांत लस्त हो फैलाए
डैनों को अपने लड़ने को तैयार
संभव है कुछ समयांतर मार-नोच
खा जाएँ उसको कौवे जिनसे घिरा हुआ
था वीर अकेला अंतिम दम तक लड़ते
संभव है उनके काँव-काँव के कर्कश
स्वर में डूब जाए वह सच्चा स्वर जो
मर्मांतक पीड़ा से उपजा था
संभव है गाथा लिखी जाए
वीर कौवों की जिनकी बहुसंख्या ने
उनको विजय दिलाई
क्योंकि बहुधा ऐसा होता आया है!








