पिता परदेस थे, ईजा थी मुलुक!

अनिल कार्कीअनिल कार्की20 Sept 1986

1 min read · 12.4K reads

पिता

बरसात में

बादलों को

चौबीस तिल्लियों वाले

गोल काले छाते के

भीतर समेट लेते थे

ईजा थी कि अपने 'घोघ' में

समेटे रहती

चौमास की नदियाँ

जो छलछलाती थीं

उसके अंतस में

ईजा के घोघ के सामने

पिता का काला छाता

वैसे ही इठलाता रहता

जैसे 'सत्यमेव जयते' के ठीक उपर

अशोक का धम्मचक्र

पिता परदेस थे

ईजा थी मुलुक!

अनिल कार्की
About the poet

अनिल कार्की

View profile & all 30 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like