यदि अन्याय के प्रतिकारस्वरूप
तनती है कविता
यदि
किसी आने वाले
तूफ़ान की अग्रदूत
बनती है कविता
तो मैं कविता का एहसानमंद हूँ
अधजली-अधबुझी
बाईस की बीड़ी का
बेरोज़गारी से त्रस्त
थकी-युवा पीढ़ी का
आक्रोशमय स्वर बन
जलती है कविता
तो मैं कविता का एहसानमंद हूँ
जिनकी
ज़िंदगी मशीन है
भूख कुलचिह्न है
रोटी एक जुगाड़ है
खोखली पुकार है
उनकी गुहार बन
गरजती है कविता
तो मैं कविता का एहसानमंद हूँ
भट्टी पर उबलते आकाश में
मौसम के बढ़ते तनाव में
मज़दूर का, किसान का
फैलते लाल निशान का
बढ़ते घमासान का
सहसूर्य बनकर चलती है कविता
तो मैं कविता का एहसानमंद हूँ








