कविता नहीं है यह
बढ़ती हुई समझ है
एक वर्ग के लोगों में
दूसरे वर्ग के ख़िलाफ़
कविता नहीं है यह
आँखों में गुनगुना समंदर है
निरंतर फैलता हुआ चुपचाप
खौल जाने की तैयारी में
कविता नहीं है यह
बंद पपड़ाए होंठों की भाषा है
लहराती-झिलमिलाती हुई गतिमान
बाहर आने की तैयारी में
कविता नहीं है यह
चेहरे पर उगती हुई धूप है
तनी हुई धूप
बढ़ती ही जा रही है अंतहीन
कविता नहीं है यह
छिली हुई चमड़ी की फुसफुसाहट है
कंकरीली धरती पर घिसटते हुए
तेज़ शोर में बदलती हुई
कविता नहीं है यह
पसीना चुआते शरीर हैं
कुदाल और हल लिए
ज़मीन गोड़ने की तैयारी में
कविता नहीं है यह
मज़दूर के हाथों में हथौड़ा है
भरी हुई बंदूक़ का घोड़ा है
कविता नहीं है यह








