अन्ततः - अनिल गंगल

अनिल गंगलअनिल गंगल

7 min read · 12.4K reads

कवि ने चाहा
वह लिखे कविता पेड़ के बारे में
कवि पेड़ बन गया
पेड़ बन कर कवि नहीं रह सकता था उन्मुक्त
सबसे पहले पहुँचा अपनी जड़ों में
जड़ों की शाखाओं में विभाजित होते हुए पहुँच गया
पृथ्वी के अन्धकार और अन्तःसलिला के मूल में
जल के साथ दौड़ता जड़ों की दुनिया से निकल कर
आ पहुँचा अन्ततः तने में शाखाओं में टहनियों में
पत्तों फूलों फलों में
बादल के बारे में कविता लिखने के लिए
कवि का बादल होना ज़रूरी था
और बादल होते हुए
वह नहीं रह सकता था जल बने बिना
आसमान को देख कवि ललचाया
कि वह लिखे कविता आसमान के बारे में
वह चिड़िया बन गया
चिड़िया के पंखों की ताक़त से
कवि ने जाना आसमान
अब वह चिड़िया नहीं खुला आसमान था
इन सब पर लिखने से क्या होगा कविता
पेड़ हो या बादल
चिड़िया हो या आसमान
कवि ने सोचा
कि वह लिखे कविता इनके उत्स के बारे में
इसलिए लाना होगा ईश्वर को कविता के केन्द्र में
ईश्वर था चालाक
कि वह मनुष्य की बुद्धि से खेलता था
जहाँ वह होता था अनुपस्थित वहाँ दीखता था
कई बार अपनी उपस्थिति के बावजूद
पकड़ में नहीं आता था
कवि को नहीं भाया जब विवादग्रस्त ईश्वर का यह खेल
कविता में होते हुए भी जब कवि
ईश्वर से नहीं मिल पाया
तो अन्त में सोचा कवि ने
कि लिखी जाए कविता अब मनुष्य के बारे में।
अनिल गंगल
About the poet

अनिल गंगल

View profile & all 24 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like