मिलन प्रतीक्षा की मौत भर है - अनामिका अनु

अनामिका अनुअनामिका अनु1 Sept 1982

4 min read · 12.4K reads

मैंने कितनी दुआओं के झुरमुटों के बीच
तुम्हें हरे जतन से छिपा रखा था
पर तुम क्यों बहा आते हो
उन नदियों में उम्मीद के दीये
जो मनोकामना पूर्ण करती हैं,
 
क्यों छोड़ आते हो तुम
हर दरगाह पर मिलन के तारीख़ की गुजारिशें
मुझे पसन्द है तुम्हारी बातों की गहराई
और
तुम्हारी रवादार आवाज़ का वह अक्खड़पन

सुनो ! तुमको सुनकर
मैंने एक सुन्दर झील गढ़ी है
क्यों तुम मिलकर बाढ़ होना चाहते हो
क्यों तोड़ना चाहते हो उस सँयम के बाँध को
जो जोड़ता है दो किनारों को
  
मिलन की बाढ़
टूटता बाँध और खुलती मुट्ठी,
सब पानी
मैं आकण्ठ डूबकर बह रही हूँ !
जीवन तट पर मिलेगी
मेरी प्रेमपूर्ण प्रतीक्षा की लाश
जिसे मिलन वाला कौवा नोंच-नोंच खाएगा
  
“मिलन प्रतीक्षा की मौत भर है ।”
अनामिका अनु
About the poet

अनामिका अनु

View profile & all 88 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like