माँ अकेली रह गई - अनामिका अनु

अनामिका अनुअनामिका अनु1 Sept 1982

5 min read · 12.4K reads

ख़ाली समय में बटन से खेलती है
वे बटन जो वह पुराने कपड़ों से
निकाल लेती थी कि शायद काम आ जाए बाद में
हर बटन को छूती,उसकी बनावट को महसूस करती
उससे जुड़े कपड़े और कपड़े से जुड़े लोग
उनसे लगाव और बिछड़ने को याद करती

हर रंग, हर आकार और बनावट के बटन
ये पुतली के छट्ठे जन्मदिन के गाउन वाला
लाल फ्राक पर ये मोतियों वाला सजावटी बटन
ये उनके रेशमी कुर्ते का बटन
ये बिट्टू के फुल पैंट का बटन

कभी अख़बार पर सजाती
कभी हथेली पर रख खेलती
कौड़ी, झुटका खेलना याद आ जाता
नीम पेड़ के नीचे काली माँ के मन्दिर के पास

फिर याद आ गया उसे अपनी माँ के ब्लाउज का बटन
वो हुक नहीं लगाती थी
कहती थी बूढ़ी आँखें बटन को टोह के लगा भी ले
पर हुक को फन्दे में टोहकर फँसाना नहीं होता

बाबूजी के खादी कुर्ते का बटन ?
होगी यहीं कहीं !
ढूँढ़ती रही दिनभर
अपनों को याद करना भूलकर

दिन कटवा रहा है बटन
अकेलापन बाँट रहा है बटन
अनामिका अनु
About the poet

अनामिका अनु

View profile & all 88 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like