कैसी हवा चली उपवन में सहसा कली-कली मुरझाई - अमित

अमिताभ त्रिपाठी ‘अमितअमिताभ त्रिपाठी ‘अमित26 Sept 1960

6 min read · 12.4K reads

कैसी हवा चली उपवन में सहसा कली-कली मुरझाई।
ईश्वर नें निश्वास किया या विषधर ने ले ली जमुहाई।
कैसी हवा चली उपवन में ... ....

साँझ ढले पनघट के रस्ते, मिली हुई क्या बात न जाने,
सिर का घड़ा गिरा धरती पर, हँसनें का आवेग न मानें,
हँसते-हँसते आँसू छलके, गालों का रक्तिम हो जाना,
मद्यसिक्त स्वर में धीरे से, ’धत्’ कहके आगे बढ़ जाना,
स्वप्न नहीं सच था परन्तु अब बात हो गई सुनी सुनाई।
कैसी हवा चली उपवन में ... ....

कुछ प्रसंग जीवन में आये, बन कर याद अतीत हो गये,
परिचय गाढ़ा हुआ किसी से आगे चल कर मीत हो गये,
मीत प्रीति के आलिंगन में वर्षा ऋतु का गीत हो गया,
पत्थर-पत्थर नाम हमारा गढ़वाली संगीत हो गया,
किन्तु दीप को लौ देकर फिर बाती उसने नहीं बढ़ाई।
कैसी हवा चली उपवन में ... ....

राह तके जीवन भर जिनका वे क्षण मिले उधार हो गये,
देहरी से आँगन तक में ही सावन के घन क्वार हो गये,
जब-जब नीड़ बनाये हमनें झंझा को उपहार हो गये,
मेरे काँच खिलौनें मन पर ऐसे विषम प्रहार हो गये,
भोर हुई अपनें ही घर में किन्तु साँझ हो गई पराई।
कैसी हवा चली उपवन में ... ....
अमिताभ त्रिपाठी ‘अमित
About the poet

अमिताभ त्रिपाठी ‘अमित

View profile & all 109 Poems / Stories

More from अमिताभ त्रिपाठी ‘अमित

  1. जिन्दगी इक तलाश है क्या है? - अमित

    जिन्दगी इक तलाश है, क्या है?दर्द इसका लिबास है क्या है?

    12.4K reads
  2. जो कुछ हो सुनाना उसे बेशक़ सुनाइये - अमित

    जो कुछ हो सुनाना उसे बेशक़ सुनाइयेतकरीर ही करनी हो कहीं और जाइये

    12.4K reads
  3. दिल मुसाफ़िर ही रहा सूये-सफ़र आज भी है - अमित

    दिल मुसाफ़िर ही रहा सूये-सफ़र आज भी हैहाँ! तसव्वुर में मगर पुख़्ता सा घर आज भी है

    12.4K reads
  4. बतर्ज-ए-मीर - अमित

    अक्सर ही उपदेश करे है, जाने क्या - क्या बोले है।पहले ’अमित’ को देखा होता अब तो बहुत मुहँ खोले है।

    12.4K reads
  5. मैं खड़ा बीच मझधार किनारे क्या कर लेंगे - अमित

    मैं खड़ा बीच मझधार किनारे क्या कर लेंगेमैने छोड़ी पतवार सहारे क्या कर लेंगे

    12.4K reads

More Poetry & Stories You May Like