कवि ने गिना दिए
अपनी प्रेमिका की देह पर छितराए हुए
बारह तिल, चार कत्थई दाग़ आदि
और उसे पौराणिक घटनाओं से लीपने के बाद
मौसमों, दिनों, महीनों की गठरी में बाँध कर
बेच दिया
लोग उसकी कविताओं में चखते रहे
प्रेम और संयोग का जादुई मिश्रण
होता रहा वियोगी कवि के भात का प्रबंध
उधर प्रेमिका ढाँपती रही
वे सारी छापें और चिह्न
जो प्रेमी की परिभाषा से अधिक थे
और प्रेम की आड़ में
चुपचाप होता रहा
प्रेम का नाटकीय रूपांतर।








