यह कोई क्षण भर का ‘कुन’ नहीं था
या किसी सिम-सिम का खुलना
यह सब सोद्देश्य हुआ
मैं एक इत्र की तलाश में था
जिसको बनाने वाला कन्नौज से भागकर
जूतियाँ बनाने लगा था आगरे में,
सड़क पार से उड़ी आती धूल की खीझ के साथ मैं
होते-होते न हुई एक बारिश का दुःख लेकर निकला था
और एक लंबी चैती सुनने की लालच में था
ऐसे-ऐसे तुम तक पहुँचा मैं
एक बहुत उदास कविता की खोज में।








