मृत्यु का इतिहासबोध

अमित धर्मसिंहअमित धर्मसिंह18 Jun 1986

2 min read · 12.4K reads

मुझमें न सिर्फ़ मेरी मृत्यु ज़िंदा रहती है,

बल्कि और बहुत-सी मृत्युएँ ज़िंदा हैं मुझमें,

मुझमें ज़िंदा है उसकी मृत्यु

जो मॉब लिंचिंग में मार दिया गया,

वह नन्हीं परी

जो बलात्कारियों का शिकार हो गई,

कठुआ की वह लड़की,

जिसको मरते-मरते भी

हवस का शिकार बनाया गया,

वह कैसे मर सकती है मुझमें।

ऑक्सीजन की कमी से मरने वाले बच्चे

जिस वक़्त एक-एक साँस के लिए

छटपटा रहे होते हैं

ठीक वह लम्हा अक्सर दम घोंट रहा होता है मेरा,

चमकी बुख़ार से निस्तेज पड़े बच्चों की ख़ामोश चीख़ें

मेरे भीतर का शीशा

चटाक-चटाक तोड़ती रहती हैं दिन-रात।

वह महिला पत्रकार जिसको

गोलियों से भून दिया गया,

उसके बदन में धँसी एक-एक गोली

मेरी खोपड़ी के पार हुई जाती है बार बार।

फाँसी पर झूलते प्रेमी युगल,

जलाकर मार दी गईं बहुएँ,

आत्महत्या करते किसान,

मुझमें हर समय ज़िंदा रहते हैं।

गोधरा गुजरात से लेकर

मुज़फ़्फ़रनगर, शब्बीरपुर तक मार दिए गए लोग

अभी तक कहाँ मरे हैं मुझमें।

इतिहास में हुईं ऐसी बेहिसाब हत्याएँ

जो आँकड़ों में दर्ज नहीं,

ऐसी हत्याएँ

जिन्हें हत्याएँ नहीं माना गया

ऐसी हत्याएँ,

जिनके हत्यारे कभी पकड़ में नहीं आए

और न कभी समझ में,

ऐसी हत्याएँ

जिनमें मरने वाले को

आत्महत्या की हद तक मजबूर किया गया,

ऐसी हत्याएँ

जिनमें मरने वालों को

मरने की हद तक ज़िंदा रखा गया,

ऐसी हत्याएँ,

जो एक लंबी प्रक्रिया के तहत हुईं,

ऐसी हत्याएँ

जो एक झटके में कर दी गईं बेख़ौफ़,

ऐसी हत्याएँ

जो विचारों, भावनाओं

और सपनों की शक्ल में हुईं,

ऐसी हत्याएँ

जिनमें भ्रूण की संभावनाओं को ख़त्म किया गया,

ऐसी हत्याएँ

जिन्हें धर्म या ईश्वर की

ओट लेकर अंजाम दिया गया साज़िशन।

वे सब ज़िंदा हैं मुझमें,

मैं उनकी मौत के बारे में सोचकर मर रहा हूँ,

मैं यह सोचकर मर रहा हूँ

कैसे-कैसे मारे गए हैं लोग,

कैसे-कैसे मारे जा रहे हैं लोग।

अमित धर्मसिंह
About the poet

अमित धर्मसिंह

सुपरिचित कवि-लेखक। तीन कविता-संग्रह प्रकाशित। मूल नाम : अमित धर्मसिंह जन्म : 18/06/1986 | मुज़फ़्फ़रनगर, उत्तर प्रदेश

View profile & all 19 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like