ख़ुशी का लम्हा रेत था सो हाथ से निकल गया

अंबरीन हसीब अंबरअंबरीन हसीब अंबर23 Jun 1981

1 min read · 12.4K reads

ख़ुशी का लम्हा रेत था सो हाथ से निकल गया

वो चौदहवीं का चाँद था अँधेरी शब में ढल गया

है वस्फ़ उस के पास ये बदल सके हर एक शय

सो मुझ को भी बदल दिया और आप भी बदल गया

मचल रहा था दिल बहुत सो दिल की बात मान ली

समझ रहा है ना-समझ की दाव उस का चल गया

ये दौड़ भी अजीब सी है फ़ैसला अजीब-तर

की फ़ातेह-ए-हयात वो जो गिर के फिर सँभल गया

समझ लिया अहम नहीं मैं उस के वास्ते मगर

नज़र फिर उस से मिल गई ये दिल की फिर बहल गया

अजीब मेरा अक्स था उतर के उस की आँख में

सँवारा मुझ को इस तरह की आइना ही जल गया

अंबरीन हसीब अंबर
About the poet

अंबरीन हसीब अंबर

जन्म : 23 Jun 1981 | कराची, सिंध संबंधी : सहर अंसारी (पिता)

View profile & all 31 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like