जीवन और कविता

अमर दलपुराअमर दलपुरा

1 min read · 12.4K reads

मेरे पास दो हाथ हैं :

दोनों काम के अभाव में

तन से निठल्ले चिपके रहते हैं!

इस देश की स्त्रियों के पास इतने काम हैं :

भोर से शाम और

शाम से भोर तक

कि वे बस काम ही करती रहती हैं!

वे झाड़ू लगाती हैं

खेत पर जाती हैं

अनाज साफ़ करती हैं

बच्चों के साथ भैंसों को नहलाती हैं

वे अपना रचा कोई गीत गाती हैं

धरती पर माँड़ने माँड़ती हैं

थक हारकर बीजणे से हवा करना

पसीना सुखाना भी

उनके लिए एक काम ही है

लेकिन कोई इन्हें काम नहीं मानता

मेरे हाथ काम की तलाश में

अनेक तरह का काम करना चाहते हैं :

जैसे कविता लिखना!

इस देश में कविता लिखना

स्त्रियों और मेहनतकश लोगों का काम नहीं है

उनके हाथ इतनी फ़ुरसत में नहीं होते,

भक्त कवियों तरह

कि बैठे-बैठे सोचें और लिखें कविताएँ

कि वे दरबार में नाचे-गाएँ

रीतिकालीन कवियों की तरह

कि वे आधुनिक कवियों की तरह पढ़-लिख सकें

वे कविता को इतनी आम बात समझते

अपने जीवन की तरह

कि काम करते-करते गाते

गाते-गाते काम करते

मैं इतना दृष्टिहीन कवि हूँ

जीवन में बिखरी हुई कविताओं को

किताबों में ढूँढ़ता हूँ

भाषा में सोचता हूँ।

अमर दलपुरा
About the poet

अमर दलपुरा

नई पीढ़ी के कवि।

View profile & all 19 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like