कनेर का एक पेड़ और एक रास्ता - आलोक श्रीवास्तव-२

आलोक श्रीवास्तव-२आलोक श्रीवास्तव-२15 Sept 1968

5 min read · 12.4K reads

एक शाम याद आती है
धूसर रंगों में डूबी
तुम्हारा चेहरा नहीं
एक रास्ता याद आता है
जिसे चलते हुए
मैंने तुम्हारा शहर छोड़ा था

तुम किन अँधेरों में जीती रहीं
मैं कभी नहीं जान पाया
तुम्हारी अन्तरात्मा का संगीत
कितना ज़िन्दा रहा, कितना मर गया
इसकी मुझे कोई ख़बर नहीं

तुम्हारे जिन कनेर फूलों की ओट से
रात के चाँद की ओर
अपनी बाहें फैलाई थीं
एक दृश्य की तरह मन में
वह अब भी अटका हुआ है

मैं तुम्हारे बरसों पुराने उस रूप को
देखता हूँ -- अपने एकान्त में
और मेरी आँखें आँसुओं से भर उठती हैं
तुम्हारे सीने पर सर रखकर रोने का मन होता है

यह उजाड़–सा बीता मेरा जीवन
तुम्हें आवाज़ देता है
तुम हो इसी दुनिया में पस्त और हारी हुई
मुझसे बहुत दूर !

मेरी थकी स्मृतियों में
अब तुम्हारा चेहरा भी मुकम्मल नहीं हो पाता

दिखता है सिर्फ़
कनेर का एक पेड़
और एक रास्ता...
आलोक श्रीवास्तव-२
About the poet

आलोक श्रीवास्तव-२

View profile & all 23 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like