माँ के ख़र्राटे

आलोक कुमार मिश्राआलोक कुमार मिश्रा10 Sept 1984

1 min read · 12.4K reads

दूसरे कमरे में माँ ले रही है ख़र्राटे।

इधर इस कमरे में,

मैं लबालब भर रहा हूँ सुकून से।

मेरी आत्मा को छू रही है चैन की पुरवाई,

लगता है नींद सबसे सुंदर लिबास में उतरी है मेरे घर।

मुझे सुनाकर कहती है मेरी पत्नी—

'उफ्फ़ कितना शोर है'

मुँह बनाकर कहती है बिटिया—

'लो शुरू हो गईं फिर दादी'

और बुलाकर उन्हें कहने को होती है—

'दादी नाक मत बजाओ।'

मैं उसे रोक लेता हूँ।

बीच-बीच में यह आवाज़ बंद हो जाती है।

वह 'हे राम... हे राम...' कह उठती है,

उसके घुटनों को छू लेता है कभी दर्द का पछुवा

और कभी मन को अतीत का हुआ।

कभी कुछ याद कर बुलाने लगती है मुझे—

'बबुवा ओ बबुवा।'

पूछने पर कहती है—

'दरवाज़ा बंद किया था क्या?'

मुझे लगता है

माँ के ये ख़र्राटे

अनवरत घूम रही धरती की सुस्ताहट हैं।

आलोक कुमार मिश्रा
About the poet

आलोक कुमार मिश्रा

View profile & all 21 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like