इलाज

आलोक कुमार मिश्राआलोक कुमार मिश्रा10 Sept 1984

1 min read · 12.4K reads

गुप्त रोगों के शर्तिया इलाज वाले दावों से भरे शहर में

सबसे ज़्यादा रखा गया है गुप्त

मन के ज़ाहिर रोगों को

आख़िर तन चाहिए सबको

मन किसे चाहिए?

मन में सुबकती रहती है एक लड़की

मुट्ठी में रोके लाल रंग की उफनती नदी

और पीठ पर लादे नीला पथरीला पहाड़

वहीं पर भटकता रहता है कोई लड़का

सिर पर रखे एक धुँधली धूसर पृथ्वी

और तलवों तले लिए धुएँ का काला आसमान

शहर में भागते हुए लोग रौंदते हैं सब कुछ

किरकिराता है मन पैरों के नीचे पड़े सूखे पत्ते-सा

पड़ी मिलती है लड़की की लाश किसी दिन झाड़ी में

लड़का मिलता है झूलता हुआ निर्जीव किसी पंखे पर

नहीं मिलता है तो बस ज़िक्र

किसी दीवार पर मन की परेशानी

या उसके इलाज का।

आलोक कुमार मिश्रा
About the poet

आलोक कुमार मिश्रा

View profile & all 21 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like