मैं उस सबसे पुरानी
लूट का साक्षी हूँ
जब दिन भर तपती धूप में
काम करने के बाद
रोज़ शाम आने वाले
शीशी भर तेल
और सेर भर अनाज का
एक निश्चित हिस्सा
मंदिर में बैठे ईश्वर
को भेंट हो जाता था...
जिसका दिया
हमारे घर के
चूल्हे से
पहले जलता था
उस रात से
मंदिर में
बैठा ईश्वर
मुझे डाकू
और लुटेरा दिखाई देता है।








