मैं हर उस जगह से अनुपस्थित होना चाहता हूँ
जहाँ बंद खिड़कियाँ चाहती हैं कि
मैं हवा हो जाऊँ!
तनी हुई भवों के बीच बहूँ
गर्म माथे से गुज़रते हुए उसे ठंडा रखूँ
उनकी नाक से गुज़रते हुए उन्हें जीवन दूँ
पर जब उच्छ्वास से बाहर निकलूँ तो
ख़ुद को कोयले की राख में बदला हुआ पाऊँ!
जब पूछूँ
ख़ुद के राख हो जाने की कहानी
तो कहा जाए कि
तुम शुरू से ही कोयला थे
बहुत होगा तो फ़ानूस रहे होगे!
मैं फिर-फिर छानता हूँ ख़ुद को
बहुत मुश्किल से बन पाता हूँ इतनी-सी हवा
कि ख़ुद साँस ले सकूँ!
पर कोई अनुभवी और घाघ हो चुकी नाक
पहचान ही लेती है मुझे
मैं घाघ नाकों के जीभ पर रखा हुआ भोजन हूँ!
हवा से राख बनते बनते इतना आजिज़ आ चुका हूँ
कि सोचता हूँ त्यागपत्र देकर पानी बन जाऊँ
सिर्फ़ एक बार पिया जा सकूँ
और गटर कर दिया जाऊँ!








