खादी

अखिलेश श्रीवास्तवअखिलेश श्रीवास्तव

1 min read · 12.4K reads

मेरे गांधी बनने में तमाम अड़चनें हैं

फिर भी चाहता हूँ कि तुम खादी बन जाओ

मैं तुम्हें तमाम उम्र कमर के नीचे

बाँधकर रखना चाहता हूँ

और इस तरह कर लेता हूँ ख़ुद को स्वतंत्र

घूमता हूँ सभ्यता का पहरुआ बनकर!

जब तक तुम बँधी हो

मैं उन्मुक्त हूँ

गर कभी आज़ाद हो

झंड़ा बन फहराने लगी

तो मैं फिर नंगा हो जाऊँगा!

चरख़े का चलना

समय का अतीत हो जाना है

अपनी बुनावट में अतीत समेटे तुम

टूटे तंतुओं से जुड़ते जुड़ते थान बन जाती हो

सभ्यताओं पर चादर जैसी बिछती हो

और उसे बदल देती हो संस्कृति में

जैसे कोई जादूगर रूमाल से बदल देता है

पत्थर को फूल में!

इस खादी की झिर्री से देखो तो

एक बंदर, पुरुष में बदलता दिखता है

वस्त्र लेकर भागा है अरगनी से

बंदर के हाथ अदरक है

चखता है और थूक देता है।

अखिलेश श्रीवास्तव
About the poet

अखिलेश श्रीवास्तव

नई पीढ़ी के कवि।

View profile & all 21 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like