दाएँ-बाएँ

अखिलेश श्रीवास्तवअखिलेश श्रीवास्तव

1 min read · 12.4K reads

संसद दाएँ तरफ़ है

7 आर.सी.आर. दाएँ तरफ़ है

नीति आयोग दाएँ तरफ़ है

यहाँ तक कि

साहित्य अकादमी दाएँ तरफ़ है

और सर्वोच्च न्यायालय भी!

वे खींच लेना चाहते हैं :

सारी ज़मीन

सारी नदियाँ

सारा जंगल

दाहिनी तरफ़ ही!

हमसे कहा जा रहा है

आप सभ्य नागरिक हैं

नियमों का पालन मुस्तैदी से करें

हमेशा बाएँ तरफ़ चलें!

मैं इस स्वतंत्र और संप्रभु गणराज्य में

कुत्ता बनना चाहता हूँ

जो यूँ ही चलते-चलते

बेधड़क घुसता है कहीं भी

बिना खदेड़े जाने का ख़ौफ़ लिए!

अखिलेश श्रीवास्तव
About the poet

अखिलेश श्रीवास्तव

नई पीढ़ी के कवि।

View profile & all 21 Poems / Stories