चिन्ता - आकांक्षा पारे

Akansha Pareआकांक्षा पारे18 Dec 1976

3 min read · 12.4K reads

किसी भी आने-जाने वाले के हाथ
माँ भेजती रहती है कुछ न कुछ
आज भी घर से आई हैं ढेर सौगात

प्यार में पगे शकरपारे
लाड़ की झिड़की जैसी नमकीन मठरियाँ
भेज दी हैं कुछ किताबें भी
जो छूट गई थीं पिछली दफ़ा

काग़ज़ के छोटे टुकड़े पर
पिता ने लिख भेजी हैं कुछ नसीहतें
जल्दबाज़ी में जो बताना भूल गए थे वे
लिख दिया है उन्होंने
बड़े शहर में रहने का सलीका

शब्दों के बीच
करीने से छुपाई गई चिंता भी
उभर आई है बार-बार।
Akansha Pare
About the poet

Akansha Pare आकांक्षा पारे

Akansha Pare

View profile & all 23 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like