नन्दा देवी-8 - अज्ञेय

अज्ञेयअज्ञेय7 Sept 1911 – 4 Sept 1987

3 min read · 12.4K reads

यह भी तो एक सुख है
(अपने ढंग का क्रियाशील)
कि चुप निहारा करूँ
तुम्हें धीरे-धीरे खुलते!
तुम्हारी भुजा को बादलों के उबटन से
तुम्हारे बदन को हिम-नवनीत से
तुम्हारे विशद वक्ष को
धूप की धाराओं से धुलते!
यह भी तो एक योग है
कि मैं चुपचाप सब कुछ भोगता हूँ
पाता हूँ सुखों को,
निसर्ग के अगोचर प्रसादों को,
गहरे आनन्दों को
अपनाता हूँ;
पर सब कुछ को बाँहों में
समेटने के प्रयास में
स्वयं दे दिया जाता हूँ!

सितम्बर, 1972
अज्ञेय
About the poet

अज्ञेय

View profile & all 0 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like