नन्दा देवी-7 - अज्ञेय

अज्ञेयअज्ञेय7 Sept 1911 – 4 Sept 1987

3 min read · 12.4K reads

पुआल के घेरदार घाघरे
झूल गये पेड़ों पर,
घास के गट्ठे लादे आती हैं
वन-कन्याएँ
पैर साधे मेड़ों पर।
चला चल डगर पर।
नन्दा को निहारते।
तुड़ चुके सेब, धान
गया खलिहानों में,
सुन पड़ती है
आस की गमक एक
गड़रिये की तानों में।
चला चल डगर पर
नन्दा को निहारते।
लौटती हुई बकरियाँ
मढ़ जाती हैं
कतकी धूप के ढलते सोने में।
एक सुख है सब बाँटने में
एक सुख सब जुगोने में,
जहाँ दोनों एक हो जाएँ
एक सुख है वहाँ होने में
चला चल डगर पर
नन्दा को निहारते।

बिनसर, सितम्बर, 1972
अज्ञेय
About the poet

अज्ञेय

View profile & all 0 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like