घर

अज्ञेयअज्ञेय7 Sept 1911 – 4 Sept 1987

1 min read · 12.4K reads

 

एक

मेरा घर 
दो दरवाज़ों को जोड़ता 
एक घेरा है 
मेरा घर 
दो दरवाज़ों के बीच है 
उसमें 
किधर से भी झाँको 
तुम दरवाज़े से बाहर देख रहे होंगे 
तुम्हें पार का दृश्य दीख जाएगा 
घर नहीं दीखेगा। 

मैं ही मेरा घर हूँ।
मेरे घर में कोई नहीं रहता 
मैं भी क्या 
मेरे घर में रहता हूँ 
मेरे घर में 
जिधर से भी झाँको...

दो

तुम्हारा घर 
वहाँ है 
जहाँ सड़क समाप्त होती है 
पर मुझे जब 
सड़क पर चलते ही जाना है 
तब वह समाप्त कहाँ होती है?
तुम्हारा घर...

तीन

दूसरों के घर 
भीतर की ओर खुलते हैं 
रहस्यों की ओर 
जिन रहस्यों को वे खोलते नहीं।
शहरों में होते हैं 
दूसरों के घर 
दूसरों के घरों में 
दूसरों के घर 
दूसरों के घर हैं।

चार

घर 
है कहाँ जिनकी हम बात करते हैं
घर की बातें 
सब की अपनी हैं 
घर की बातें 
कोई किसी से नहीं करता 
जिनकी बातें होती हैं
वे घर नहीं हैं।

पाँच

घर 
मेरा कोई है नहीं 
घर मुझे चाहिए :
घर के भीतर प्रकाश हो 
इसकी भी मुझे चिंता नहीं है;
प्रकाश के घर के भीतर मेरा घर हो—
इसकी मुझे तलाश है।
ऐसा कोई घर आपने देखा है?
देखा हो 
तो मुझे भी उसका पता दें
न देखा हो 
तो मैं आपको भी
सहानुभूति तो दे ही सकता हूँ 
मानव होकर भी हम-आप
अब ऐसे घरों में नहीं रह सकते 
जो प्रकाश के घेरे में हैं 
पर हम 
बेघरों की परस्पर हमदर्दी के 
घेरे में तो रह सकते हैं!

अज्ञेय
About the poet

अज्ञेय

View profile & all 0 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like