धीरे-धीरे वह दिन भी आ गया
जब लोग मुझे
मेरे बेटों के नाम से
जानने लगे
और बेटे यदा-कदा
अनदेखा, अनपहचाना करने लगे
यह कुछ वैसा ही था,
जब
उनके बचपन में
स्लेट पर
मैं बार-बार लिखता था—ब
और वे भूलकर उसे
पढ़ते थे—प
...मेरे धीरज की गहरी परीक्षा लेते हुए।
कौन जानता था,
वह
इतनी लंबी—
थका देने वाली
होगी... अंततः मुझे ही पराजित करती।








