अपनी आँखों से देखता हूँ

अजेयअजेय18 Sept 1965

1 min read · 12.4K reads

लौटाता हूँ

तमाम चश्मे तेरे दिए हुए

कि सोचता हूँ

अब अपनी ही आँखों से देखूँगा

मैं अपनी धरती

लोग देखता हूँ यहाँ के

सच देखता हूँ उनका

और पकता चला जाता हूँ

उन के घावों और खरोंचों के साथ

देखता हूँ उनके बच्चे

हँसी देखता हूँ उनकी

और खिलखिला उठता हूँ

दो घड़ी तितलियों और फूलों के साथ

औरतें देखता हूँ उनकी

उनकी रुलाई देखता हूँ

और बूँद-बूँद रिसने लगता हूँ

अँधेरी गुफाओं और भुतही खोहों में

अपनी धरती देखता हूँ

अपनी ही आँखों से

देखता हूँ उसका कोई छूटा हुआ सपना

और लहरा कर उड़ जाता हूँ

अचानक उसके नए आकाश में

लौटाता हूँ ये चश्मे तेरे दिए हुए

कि इनमें से कुछ का

छोटी चीज़ों को बड़ा दिखाना

और कुछ का

दूर की चीज़ों को पास दिखाना

अच्छा न लगा

कि इनमें से कुछ का

साफ़ शफ़्फ़ाफ़ चीज़ों को धुँधला दिखाना

और यहाँ तक कि कुछ का

धुँधली चीज़ों को साफ़ दिखाना भी अच्छा न लगा

देखता हूँ अपनी यह धरती

अब मेरी अपनी ही आँखों से

जिसके लिए वे बनी हैं

और देखता हूँ वैसी ही उतनी ही

जैसी जितनी कि वह है

और कोशिश करता हूँ जानने की

क्या यही एक सही तरीक़ा है देखने का!

अजेय
About the poet

अजेय

View profile & all 111 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like