तुम

Adnan Kafeel Darveshअदनान कफ़ील दरवेश

1 min read · 12.6K reads

जब जुगनुओं से भर जाती थी

दुआरे रखी खाट

और अम्मा की सबसे लंबी कहानी भी

ख़त्म हो जाती थी

उस वक़्त मैं आकाश की तरफ़ देखता

और मुझे वह

ठीक जुगनुओं से भरी खाट लगता

कितना सुंदर था बचपन

जो झाड़ियों में चू कर

खो गया

मैं धीरे-धीरे बड़ा हुआ

और जवान भी

और तुम मुझे ऐसे मिले

जैसे बचपन की खोई गेंद

मैंने तुम्हें ध्यान से देखा

मुझे अम्मा की याद आई

और लंबी कहानियों की

और जुगनुओं से भरी खाट की

और मेरे पिछले सात जन्मों की

मैंने तुम्हें ध्यान से देखा

और संसार आईने-सा झिलमिलाया किया

उस दिन मुझे महसूस हुआ

तुमसे सुंदर

दरअसल इस धरती पर

कुछ भी नहीं था।

Adnan Kafeel Darvesh
About the poet

Adnan Kafeel Darvesh अदनान कफ़ील दरवेश

नाम: अदनान कफ़ील ‘दरवेश‘ जन्म: 30 जुलाई 1994 जन्म स्थान: ग्राम/ पोस्ट- गड़वार, ज़िला- बलिया, उत्तर प्रदेश शिक्षा: दिल्ली विश्वविद्यालय से कंप्यूटर साइंस आनर्स में स्नातक सृजन: छिटपुट प्रकाशन अदनान कफ़ील अय्यूबी दरवेश महज 21 वर्ष की उम्र के हैं लेकिन उनकी कविताओं…

View profile & all 11 Poems / Stories