नन्हा सिपाही

अदिति शर्माअदिति शर्मा

1 min read · 12.4K reads

ऐसे बहुत से महीने थे

जिन्हें बीत जाने के लिए ही आना था

पर वे ठहरे रहे

हमेशा हमारे बीच

कुछ चुनिंदा दिनों की तरह

जैसे चुन लिए जाते हैं

दुःख

पिता की हत्या के बाद

हाथ धुलाती और मुँह पोंछती माँ

नहीं बताती कि हाथ पर लगा रंग ख़ून है

उँगलियों में दौड़ती कँपकँपी डर है

तुम्हारे गुनाह सारे मेरे पुण्य हैं

महीनों को मौसमों से पहचानना ग़लत साबित हुआ

दिसंबर में हथेली भीगी रही

जून में देह सिकुड़ी रही

कई रंगों को मिलाने पर भी नया रंग नहीं बना

चौथे माले पर चढ़ते हुए पिता की

घुटती आवाज़

झुके हुए कंधे

लाल चेहरा

गहरी साँसें

इतनी गहरी जैसे मेरी छाती में कोई फूँकनी से

अंगारों को और भड़काए

तय हुआ कि इस व्यक्ति से युद्ध नहीं किया जाएगा

ये नन्हा सिपाही इसका रक्षक होगा

सदा-सदा के लिए

सिपाही जिसे बस युद्ध की शिक्षा मिली

अपने पाठ ख़ुद पढ़ता गया

रास्ते में मिली उपेक्षा को

एक उंह से उड़ाकर आगे बढ़ा

आगे बहुत लंबा रास्ता था

सिपाही डरा

साँप-सा लंबा रास्ता

उसे अपने कंधे पर बहुत बोझ मालूम हुआ

कंधों पर बोझ हो तो लंबा हो जाता है कोई भी रास्ता

उसने बंदूक़ उतारी और झाड़ियों में फेंक दी

अब हल्का-सा लगा कुछ

कुछ फलाँगें लगाई

मानो अभी उड़कर सूरज की गोद में जा बैठेगा

सिपाही रास्ता तय करता रहा

कैलेंडर छूट गए

घड़ी तारीख़ महीनों और मौसमों का हिसाब छूट गया

उन सब पैमानों को

जिनसे आँका जाता है

इंसान के वजूद को

वह कब का झाड़ियों में फेंक आगे बढ़ चुका था

कंधे का बोझ।

अदिति शर्मा
About the poet

अदिति शर्मा

नई पीढ़ी की सुपरिचित कवयित्री।

View profile & all 5 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like

उसने मिट्टी को छुआ भर था - प्रताप सोमवंशीपसोपेश में हूँकि कविता चिह्नों में होती है— प्रताप सोमवंशीदर्द औरों का हम - प्रताप सोमवंशीपसोपेश में हूँकि कविता चिह्नों में होती है— प्रताप सोमवंशीये दरवेशों की बस्ती है यहाँ ऐसा नहीं होगाये दरवेशों की बस्ती है यहाँ ऐसा नहीं होगालिबास-ए-ज़िंदगी फट जाएगा मैला नहीं होगा— मुनव्वर रानाचले मक़्तल की जानिब और छाती खोल दी हम नेचले मक़्तल की जानिब और छाती खोल दी हम नेबढ़ाने पर पतंग आए तो चर्ख़ी खोल दी हम ने— मुनव्वर रानाकुछ नहीं चाहने वाली लड़कीसोलह की यह लड़की दो-तीन साल पहले तकपेड़-पौधों पर रखती थी पाँव— ऐश्वर्य राजआंबेडकर“तुम्हारे दीन मुखों को देखकरकरुणा भरे स्वरों को सुनकर— बी. गोपाल रेड्डी