प्रतीक्षा - अदनान कफ़ील दरवेश

अदनान कफ़ील दरवेशअदनान कफ़ील दरवेश30 Sept 1994

5 min read · 12.4K reads

आज
जबकि मैं तुमसे
कविता में सम्वाद कर रहा हूँ
तो मेरी प्रतीक्षा में
समुद्र की नीलिमा
और गहराती जा रही है

और गहराता जा रहा है
गुलाब का चटख लाल रंग
रात की सियाही को
और गहराता देख रहा हूँ।

मेरी भाषा के सबसे भयावह शब्द
एक घुसपैठिए की तरह
उतरना चाहते हैं मेरी कविता में
आज मैं उनसे दूर भागना चाहता हूँ।

दूर बहुत दूर
जहाँ वो मेरा पीछा न करते हों
मैं इस कविता को बचा ले जाना चाहता हूँ
ठीक वैसे ही
जैसे बचाता आया हूँ तुम्हारा प्रेम
जीवन के हर कठिन मरुस्थल में भी
प्रिय !

मैं अपने आप को बचाते-बचाते
अब बहुत थक गया हूँ
मेरी ये थकी प्रतीक्षा
मेरे प्रेम की आखिरी भेंट है
इसे स्वीकार करो

और अन्तिम आलिंगन
और आख़िरी चुम्बन के साथ
मुझे उस मैदान में ले चलो
और लिटा दो
जहाँ सफ़ेद घास अब और नरम हो गई है
और जहाँ बकरियाँ घास टूँग रही हैं...।

(रचनाकाल: 2016)
अदनान कफ़ील दरवेश
About the poet

अदनान कफ़ील दरवेश

View profile & all 73 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like