मैं लिखना चाहता हूँ - अदनान कफ़ील दरवेश

अदनान कफ़ील दरवेशअदनान कफ़ील दरवेश30 Sept 1994

7 min read · 12.4K reads

मैं लिखना चाहता हूँ
तुम्हारे पल्लू की छुवन

मैं लिखना चाहता हूँ
तुम्हारी बोरसी की आँच

मैं लिखना चाहता हूँ
तुम्हारे चेहरे की झुर्रियाँ

मैं लिखना चाहता हूँ
तुम्हरा चटखा चश्मा

मैं लिखना चाहता हूँ
तुम्हारे फूँक की गर्मी
जब सर्दी से घड़-घड़ चलती
मेरी साँसे सुन कर
तुम रात भर
कलाम पाक पढ़ कर फूँकती थीं।

मैं लिखना चाहता हूँ
तुम्हारे हाथों की गर्मी

मैं लिखना चाहता हूँ
तुम्हारी जली उँगलियाँ

मैं लिखना चाहता हूँ
तुम्हारी पथराई आँखें

मैं लिखना चाहता हूँ
तुम्हारे दिल की धक्-धक्

मैं लिखना चाहता हूँ
तुम्हारी तिलिस्मी हँसी
जो मेरे अटपटे सवालों पर
तुम्हारे चेहरे पे उभरती थी
और तुम मुझे थपथपा कर
गोद में छुपा लेती थीं।
 
मैं लिखना चाहता हूँ
सब कुछ आदि से अन्त तक
क्या मेरी क़लम में इतनी स्याही होगी?
क्या लिख पाऊँगा इस जनम वो सब कुछ?
क्या मेरी भाषा में इतने शब्द होंगे
कि दर्ज कर पाऊँ सब कुछ?

विनती करूँगा अपनी भाषा से
माँगूँगा कुछ नए शब्द
ताकि लिख पाऊँ इस जन्म में तुम्हारे लिए
एक कविता
जिसे तुम अल्बम की तस्वीरों की तरह
उलटती-पलटती रहो उस दिन तक
जब तक कि मैं भी
तुम्हारे पास नहीं आ जाता
तुम्हारी कहानियाँ सुनने
तुम्हारे साथ भचर-भचर करने
तुम्हारे पहलू में सिर रख
एक अनन्त युग तक
सो जाने के लिए।

(रचनाकाल: 2016)
अदनान कफ़ील दरवेश
About the poet

अदनान कफ़ील दरवेश

View profile & all 73 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like