शहर में एक बस्ती थी - अच्युतानंद मिश्र

Achyutanand Mishraअच्युतानंद मिश्र27 Feb 1981

8 min read · 12.4K reads

शहर में एक बस्ती थी
जहाँ लोगों ने
ठंडी आग जलाई थी
मशाल को शाल की तरह
ओढ़ रखा था
टिमटिमाती हुई आँखों की चमक
मालिक के सिरहाने दबी थी ।

सपने फटी हुई रजाई के
भूगोल से शुरू होकर
घिसी हुई चप्पलों तक
आते-आते ख़त्म हो जाते

दौड़ते-भागते ख़ून का रंग
ख़ून से बहुत दूर चला
आया था
और ऐसे में
साँस का अनवरत चलना
विज्ञान के लिए बड़ी चुनौती थी

‘‘ये जीवन विज्ञान के नियमों के बाहर
विज्ञान को मुँह चिढ़ाता ।’’
यह शहर था
धूप-धुध, ओस, हवा और बारिश
से महरूम

आदमी की निगाह में चीज़ें
छोटी-बड़ी थीं

रात को काम से लौटते हुए
जीवन पहाड़ों की ऊँचाइयों में
तब्दील हो जाता
फिसलते हुए क़दम
ख़ून का रंग बता देते
रोशनी हवा की दोस्त थी
हवा का रूख़ बदलते
रोशनी का रंग बदल जाता ।

दिन एक धुएँ से शुरू होकर
उबले हुए आलू तक आते-आते
सीझने लगता
और उससे पहले
पिघलती हुई आत्माओं
का विलाप
रात की घोषणा कर देता

‘‘रात एक विलाप थी
रात एक पतझड़ था ।’’
मौसम के बदलने की उम्मीद
हर रात शुरू होकर
रात को ही ख़त्म हो जाती

शहर की यह बंजर बस्ती थी
जहाँ बाँझ सपने उगते
नंग-धड़ंग बच्चे थे
टीन की कटोरी थी
जिसमें दूध और पानी का हिसाब
एक सवाल था ।

सवाल यह भी था
कि वह बच्चा
किस देश, किस मिट्टी
किस हवा, किस शहर का है
सवाल था कि उसकी माँ
किस युग से चली आई थी
उसका पिता पीठ के बल रेंगकर
शहर की आलीशान कोठियों में
क्यों चिराग जला रहा था
सवाल था कि
शहर में बस्ती क्यों थीं
ये सवाल उदास आँखों की उदासी
हँसते चेहरों के उजास का
पता देते थे ।

शहर जिनके पाँव तले थी
ये बस्तियाँ,
जिनकी छाती पर पैर रख
शहर जवान हुए
Achyutanand Mishra
About the poet

Achyutanand Mishra अच्युतानंद मिश्र

युवा कवि-आलोचक अच्युतानंद मिश्र का जन्म 27 फरवरी 1981 को बोकारो में हुआ | स्कूल तक कि पढ़ाई बोकारो से । आगे की पढ़ाई दिल्ली विश्वविद्यालय से हुई ।विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में कविताएँ एवं आलोचनात्मक गद्य प्रकाशित ।हाल ही में संवेद फ़ाउंडेशन से आलोचना की पुस्तिका…

View profile & all 63 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like