कहीं कोई आहट नहीं - अच्युतानंद मिश्र

Achyutanand Mishraअच्युतानंद मिश्र27 Feb 1981

6 min read · 12.4K reads

एक अजीब सा संयम है
हवाओं में यहाँ
पत्ते क़ायदे से टूटकर गिर रहे हैं
चेहरे पर कोई उफ़ नहीं
नदियाँ बह रही हैं
शोर और संगीत के बीच की लय से
गठा हुआ दर्द का चेहरा
उसपर पाउडर की हल्की सफ़ेदी
और तिसपर धूप की चमक
नाटे क़द की औरतें
दिन भर मक्खियों की तरह
भिनभिनाती हैं

अपने पति की आज्ञाकारी बेटी की तरह
शहर की रोशनी में
देखती हैं अपना चेहरा
और उम्र का हिसाब लगाते हुए
उदासी में
पीठ के खरोंचों को
ब्लाउज सिलाई से जोड़ देती है

कभी लगता है
शहर बरसात का धोंधा है
जिसकी पीठ के भीतर
लिजलिजे माँस सी चिपकी हुई जनसँख्या
दीवार से लटकी हुई
आहिस्ते-आहिस्ते घिसट रही है

साइकिल के पहियों की गति में
डूब रहा है दिन
इन्तज़ार करती हुई पत्नियाँ
कैलेण्डर पर दूध का हिसाब
लिखती हैं
और रात में गर्भनिरोधक को
तकिए के नीचे छिपा देती है

ऐसी ही एक सुबह
इसी संयम भरी हवा की बीच
एक नागरिक के जाने का शोक
और एक भावी नागरिक के पैदा होने की ख़ुशी
वातावरण में फैल जाती है


घात लगाती हुई बिल्ली
आहिस्ते से घुसती है रसोई में
और पी जाती है सारा दूध
कहीं कोई आहट नहीं होती ।
Achyutanand Mishra
About the poet

Achyutanand Mishra अच्युतानंद मिश्र

युवा कवि-आलोचक अच्युतानंद मिश्र का जन्म 27 फरवरी 1981 को बोकारो में हुआ | स्कूल तक कि पढ़ाई बोकारो से । आगे की पढ़ाई दिल्ली विश्वविद्यालय से हुई ।विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में कविताएँ एवं आलोचनात्मक गद्य प्रकाशित ।हाल ही में संवेद फ़ाउंडेशन से आलोचना की पुस्तिका…

View profile & all 63 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like