इस शहर में - अच्युतानंद मिश्र

Achyutanand Mishraअच्युतानंद मिश्र27 Feb 1981

7 min read · 12.4K reads

शहर में नदी सूख गई है
पेड़ अब ख़ामोश रहते हैं
सड़कों पर बहुत है भीड़
पर इंसान नज़र नहीं आते
टिफ़िन का खाली डिब्बा
साइकिल के हैंडिल से टकराकर
कभी-कभी तोड़ देता है इस सन्नाटे को

शाम का ये वक़्त
और शामों की तरह
चुपचाप ख़ामोश
दर्ज़ किए बग़ैर कुछ भी
गुज़र जाएगा
अँधेरा अभी पसरने वाला है
सुबह जो फूल टूट कर गिरे थे
उनकी पँखुड़ियाँ धूल में मिल चुकी हैं
चाय की दुकानों के बाहर
लोग उठ रहे हैं
जली हुई चायपत्ती की ख़ुशबू
और सिगरेट के धुएँ ने
कोई षड्यंत्र-सा कर रखा है

लोग
लौट रहे हैं
बिना चेहरे वाले लोग
लौटकर तलाशेंगे
अपने चेहरे
दिन भर की मेहनत, हताशा, ज़िल्लत
रात की एक आदिम भूख में
बदल जाएगी
भूख-भूख बस भूख
फैल जाएगी, हर सिम्त

उस वक़्त दाँत के खोलों में फँसा
रोटी का टुकड़ा
माँस की तरह हो जाएगा
लोग पाग़ल हो जाएँगे ।

भूख-भूख बस भूख की बाबत सोचेंगे
और फैल जाएगा अँधेरा
अँधेरा अँधेरे से मिलकर
गहरा जाएगा
रात की ठिठुरन, भूख, प्यास, सन्नाटा
सब एक बिन चेहरे वाले राक्षस में
बदल जाएँगे
सूखी हुई नदी
ख़ामोश पेड़ों से
नहीं बोलेगा कोई

इस गहरे अँधेरे में
कहीं दूर बहुत दूर
जलती हुई अलाव के भीतर
चिटकेगी कोई चिंगारी भी
मैं वर्षों तक
बस सोचता रहूँगा उसी की बाबत
Achyutanand Mishra
About the poet

Achyutanand Mishra अच्युतानंद मिश्र

युवा कवि-आलोचक अच्युतानंद मिश्र का जन्म 27 फरवरी 1981 को बोकारो में हुआ | स्कूल तक कि पढ़ाई बोकारो से । आगे की पढ़ाई दिल्ली विश्वविद्यालय से हुई ।विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में कविताएँ एवं आलोचनात्मक गद्य प्रकाशित ।हाल ही में संवेद फ़ाउंडेशन से आलोचना की पुस्तिका…

View profile & all 63 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like